पांवटा साहिब में बेलगाम हुआ खनन माफिया, यमुना नदी में हो रहा अवैध खनन

पांवटा साहिब में अवैध खनन का कारोबार दिन रात बिना किसी रोक टोक के चल रहा है। यहां यमुना, बाता और गिरी नदी सहित दर्जनों नदी नालों में सैंकड़ों ट्रैक्टर और मशीनें अवैध खुदाई के काम में लगी हैं। खनन माफिया के हौसले इतने बुलंद हैं कि अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर हमला बोला देते है। पांवटा साहिब में खनन माफिया को न प्रशासन का डर है, ना कानून का डर है। प्रदेश के उच्च न्यायालय व सरकार के निर्देशों की सरे आम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सैकड़ों ट्रक और ट्रैक्टर दिन रात अवैध खनन में लगे रहते हैं। प्रशाशन सिर्फ चालन काटने के नाम पर खानापूर्ति कर रहा है।

पुलिस खनन और वन विभाग समय-समय पर माफिया पर कार्यवाही भी करता है, लेकिन यह कार्रवाई महज खानापूर्ति साबित हो रही है। हालत यह है कि क्षेत्र की नदियों नालों से हर रोज हजारों ट्रैक्टर व ट्रक रेत, बजरी, पत्थर उठा रहे है और खुदाई कर नदियों की रूप रेखा बदल रहें हैं, जबकि दिन भर में कहीं इक्का-दुक्का ट्रैक्टरों के चालान होते हैं।

अवैध खनन माफिया रोजाना लाखों का चुना प्रदेश सरकार के खजाने को लगा रहे है और कुछ नेताओं के संरक्षण में बिना डर के दिन रात यह अवैध खनन का कारोबार चल रहा है। ऊंची पहुंच के चलते खनन माफिया पर पुलिस भी हाथ नहीं डाल रही है। सप्ताह में सिर्फ दो चार ट्रैक्टर को पकड़ कर खानापूर्ति की जा रही है। रोजाना पड़ोसी राज्य से आने वाले ट्रक ओवरलोड होकर सड़कों पर सरेआम चल रहे है लेकिन उन्हें रोककर उनका चालान करने की हिम्मत प्रशाशन जुटा नहीं पा रहा है। ओवरलोड ट्रैक्टर व ट्रकों के कारण अनेकों हादसे भी हो चुके है लेकिन यह गंभीर समस्या जस की तस बनी हुईं है।

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *